Menu

News of Madhya Pradesh India

Hindi news portal of Bhopal. read regular fresh news of Bhopal, Indore, Gwalior, Jabalpur. whole state reporting with MP News Portal

23 May 2024

16 वर्षीय काम्या कार्तिकेयन एवरेस्ट फतह, तिरंगा लहराया

काम्या कार्तिकेयन एवरेस्ट फतह

जमशेदपुर: 16 साल की काम्या ने एवरेस्ट फतह किया. सोमवार 20 मई को दोपहर 12:35 बजे एवरेस्ट की चोटी पर भारतीय तिरंगा लहरा कर देश का नाम रोशन किया. इसके बाद उन्होंने टाटा स्टील का भी झंडा फहराया. अब अगला लक्ष्य अंटार्कटिका के विनसन मैसीफ को जीतना है. यह मुकाम हासिल करते ही वह सभी सात महादेशों के सर्वोच्च शिखरों पर पहुंचने वाली दुनिया की सबसे कम उम्र की लड़की बन जाएंगी. काम्या कार्तिकेयन माउंट एवरेस्ट के शिखर पर नेपाल की तरफ से पहुंचने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय बन गई हैं. काम्या ने अपने पिता और नौसेना अधिकारी कमांडर एस. कार्तिकेयन के साथ 20 मई को 8,849 मीटर ऊंचे पर्वत शिखर को फतह करने का कारनामा कर दिखाया था.

वे नेवी चिल्ड्रन स्कूल, मुंबई की 12वीं कक्षा की छात्रा है. उनकी इस उपलब्धि पर भारतीय नौसेना ने गुरुवार को उन्हें बधाई दी. बेटी ने पिता को पीछे छोड़ते हुए एवरेस्ट के शिखर पर पहले कदम रखा जबकि एस कार्तिकेयन दोपहर 2:15 बजे एवरेस्ट के शिखर पर पहुंचे. दोनों ने 6 अप्रैल को काठमांडू से अपने एवरेस्ट अभियान की शुरुआत की थी. काम्या अब तक अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो (5,895 मीटर), यूरोप के सबसे ऊंचे पर्वत माउंट एल्ब्रस (5,642 मीटर), ऑस्ट्रेलिया के सबसे ऊंचे पर्वत माउंट कोसियुस्को (2,228 मीटर) समेत पांच चोटियों पर विजय प्राप्त कर चुकी हैं. 2017 में वह एवरेस्ट बेस कैंप तक ट्रेक करने वाली दुनिया की दूसरी सबसे कम उम्र की लड़की बन गई थीं. यही नहीं, वह 20 हजार फीट ऊंची माउंट स्टोक पर सफलता हासिल करने वाली दुनिया की सबसे कम उम्र की महिला भी बनीं.

नौसेना ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, काम्या ने सात में से छह महादेशों के सबसे ऊंचे पर्वत शिखरों पर पहुंचने में अदम्य और सतत साहस का परिचय दिया है. भारतीय नौसेना सभी सात महादेशों के सर्वोच्च शिखरों पर फतह हासिल कर ऐसा करने वाली सबसे कम उम्र की लड़की बनने की उनकी महत्वाकांक्षा के लिए युवा काम्या को शुभकामनाएं देती है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फरवरी 2020 के 'मन की बात' कार्यक्रम में कहा था कि छोटी उम्र की काम्या कार्तिकेयन सभी के लिए प्रेरणास्रोत है. जनवरी 2021 में उन्होंने युवा पर्वतारोही से वर्चुअली संवाद किया था. उन्होंने राष्ट्रपति बाल पुरस्कार प्राप्त करने पर काम्या को बधाई देते हुए उसे और अधिक ऊंचाइयों पर पहुंचने के लिए शुभकामनाएं दी थीं.

Retrieved from(websites).

comments powered by Disqus